• Breaking News

    गुरुवार, 20 अक्टूबर 2016

    हार्दिक पटेल के निमंत्रण पर नीतीश जाएंगे गुजरात

     
     मिथिलेश 
    पटना : राजगीर में जदयू के राष्ट्रीय परिषद के खुला अधिवेशन में राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के पाटीदार, मराठा, गुर्जर और जाट आंदोलन को समर्थन देने का असर दिखने लगा है. पाटीदार आंदोलन के अध्यक्ष हार्दिक पटेल, मराठा क्रांति मोरचा के संयोजक ब्रिगेडियर सुधीर सामंत, जाट महासभा के डा यदुवीर सिंह और राजस्थान गुर्जर आंदोलन के संयोजक हिम्मत सिंह ने नीतीश कुमार के उस बयान का स्वागत किया है, जिसमें उन्होंने पाटीदार, गुर्जर, मराठा और जाट समाज के आरक्षण आंदोलन को समर्थन किया है. पाटीदार आंदोलन के अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने नीतीश कुमार को गुजरात आने का न्योता दिया है. हार्दिक पटेल के अलावा मराठा क्रांति मोरचा, गुर्जर आंदोलन और जाट महसभा ने नीतीश कुमार को अपने प्रदेश में आमंत्रित किया है और उनके नेतृत्व में आस्था प्रकट करते हुए अभिनंदन करने का प्रस्ताव दिया है. हार्दिक पटेल ने मुख्यमंत्री के नाम भेजे अपने पत्र में कहा कि हमारा समाज गुजरात में पाटीदार, महाराष्ट्र में मराठा के नाम से राजस्थान में गुर्जर तथा दक्षिण भारत में कापू कम्मा रेड्डी के नाम से जाना जाता है. उन्होंने पत्र में लिखा है कि हमारा समाज आरक्षण के अपने संवैधानिक अधिकार की मांग कर रहा है. आपने हमारी मांग का समर्थन किया है. इसलिए आप गुजरात आयें हम आपका अभिनंदन करना चाहते हैं. इसी प्रकार का निवेदन मराठा क्रांति मोरचा , गुर्जर सभा और जाट महासभा ने भी किया है. जदयू के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि गुर्जर और जाट महासभा के संयोजक ने दूरभाष पर उनसे बात की है और जदयू अध्यक्ष के आगमन की तिथि तय करने का अनुरोध किया है. राजगीर अधिवेशन में जदयू ने अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकल्प खड़ा करने के लिए देशभर में गैर भाजपा दलों को एकजूट करने को अधिकृत किया है. गौरतलब है कि जदयू अध्यक्ष व मुख्यमंत्री ने राजगीर अधिवेशन में किसानों की समस्या का जिक्र करते हुए कहा था कि खेती किसानी से जुड़े पाटीदार, गुर्जर, मराठा और जाट महासभा अब आरंक्षण की मांग कर रही है. आमतौर पर यह वर्ग मुख्य रूप से खेती पर निर्भर है लेकिन, अब इनकी हालत माली हो गयी है. इधर, पटेल नव निर्माण सेना के अध्यक्ष हार्दिक पटेल के पत्र का जदयू ने स्वागत किया है. त्यागी ने कहा कि हार्दिक पटेल ने अपने बयान में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना की है. उन्होंने कहा कि हार्दिक पटेल के निमंत्रण पर नीतीश कुमार गुजरात जायेंगे . लेकिन, कब जायेंगे इसकी तिथि शीर्ष नेतृत्व से विचार के बाद घोषित की जायेगी. इसके पहले यूपी चुनाव को लेकर भी जदयू को अजित सिंह की पार्टी रालोद का साथ मिला है. रालोद नेता श्री सिंह ने कहा था कि उनकी पार्टी और जदयू की विचारधारा काफी मिलती जुलती है. यूपी में अजित सिंह और हरियाणा में चौधरी देवी लाल के बेटे की पार्टी इंडियल रालोद की रैली में भी नीतीश कुमार शामिल हो चुके हैं. यूपी में पीस पार्टी के अध्यक्ष डा अयूब ने भी जदयू के साथ आने का संकेत दिया है. 

    कोई टिप्पणी नहीं:

    एक टिप्पणी भेजें